- तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टोटो में मारी थी टक्कर
Giridih News : बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गिरिडीह कॉलेज के समीप हुए सड़क हादसे में घायल टोटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन निवासी सुनील पासवान के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सुनील सोनबाद से सवारी पहुंचा कर गिरिडीह लौट रहे थे. तभी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गिरिडीह कॉलेज के समीप तेज रफ्तार चार पहिया वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH11-AV-0822) ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उसे गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. धनबाद जाते समय रास्ते में ही सुनील की मौत हो गई. मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी और छह साल की पुत्री छोड़ गए हैं.
इधर पुलिस ने घटना स्थल से दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर बेंगाबाद थाना ले गई है. वहीं वाहन चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया है. पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

