Giridih News : केंद्र सरकार के खान-खनिज संशोधन विधेयक (MMDR) के खिलाफ कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर है. गिरिडीह जिला कांग्रेस ने मंगलवार को जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने एमएमडीआर बिल को काला कानून करार देते हुए कहा कि इसे झारखंड पर थोपने का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
महतो ने दावा किया कि बिल के लागू होने से राज्य को सालाना 15 से 20 हजार करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान होगा, जिसका सीधा असर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी और 27 अगस्त से शंखनाद आंदोलन शुरू किया जाएगा. अगर बिल में संशोधन या वापस नहीं लिया गया तो झारखंड से एक छटांक भी कोयला बाहर नहीं जाने दिया जाएगा.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने आरोप लगाया कि एमएमडीआर बिल झारखंड के हितों को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाया गया है. केंद्र सरकार का इरादा राज्य में चल रही विकास योजनाओं के कार्यान्वयन को बाधित करने का है.
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र से एमएमडीआर बिल में तत्काल संशोधन की मांग की. कहा कि झारखंड के अधिकारों और हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे. मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, अजय कुमार सिंह, मंटू, मनीर आलम, राजेश तूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

