- शिनाख्त में जुटी पुलिस
Giridih News : इसरी रेलवे फाटक से करीब 500 मीटर पहले रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक महिला का शव बरामद किया गया. फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है. लेकिन मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है.
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 11:02 बजे दीक्षाभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11046) के लोको पायलट ने पारसनाथ स्टेशन के ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि UP लाइन के किलोमीटर संख्या 316/27 के पास एक महिला का शव पड़ा है.
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित RPF, PWI और स्थानीय थाना को तत्काल सूचित किया गया. संबंधित कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और करीब 11:21 बजे रेलवे ट्रैक को क्लियर करा दिया गया. रेलवे के अनुसार, घटना के कारण किसी भी ट्रेन के परिचालन में बाधा उत्पन्न नहीं हुई और रेल परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा.
इसे भी पढ़ें
वहीं घटना की सूचना के बाद पुलिस और रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पहचान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

