Ranchi News : स्वास्थ्य विभाग ने गोड्डा जिले को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दवाओं की खरीद के लिए 19.59 लाख रुपये का अतिरिक्त फंड दिया है. विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 15 सितंबर को इससे संबंधित आदेश जारी किया है.
इस राशि के मिलने के बाद गोड्डा जिले में चिकित्सा आपूर्ति के लिए कुल बजट बढ़कर 1 करोड़ 79 लाख 59 हजार 500 रुपये हो गया है. यह राशि 'चिकित्सा तथा लोक स्वास्थ्य' मद में दी गई है. विभाग ने बताया कि यह आवंटन झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे एक मामले के संदर्भ में किया गया है.
इसे भी पढ़ें
सरकार ने दवा खरीद को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में सांप काटने और कुत्ता काटने के इलाज की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रखने को प्राथमिकता दी गई है. दवाओं की खरीद जरूरी दवा सूची के अनुसार ही करनी होगी. गैर जरूरी दवाओं की खरीद नहीं की जाएगी.
आदेश में यह भी कहा गया है कि अस्पतालों को मिलने वाली दवाओं की कम से कम 80 प्रतिशत शेल्फ लाइफ बची होनी चाहिए. दवाओं की खरीद GeM पोर्टल या ई-टेंडर के जरिए नियमों के अनुसार की जाएगी.
अस्पतालों में दवाओं का स्टॉक बनाए रखने के लिए एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा. नोडल अधिकारी हर महीने दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक की रिपोर्ट देंगे. राशि खर्च होने के बाद सिविल सर्जन को स्टॉक रजिस्टर का भौतिक सत्यापन कराना होगा. इसके बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग को भेजना होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

