- मृत खाताधारकों के बैंक खातों में जमा राशि उनके उत्तराधिकारियों को हस्तांतरित करने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप
Godda : जिले के महागामा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) शाखा में सोमवार शाम सीबीआई ने छापेमारी की. शाम करीब 4 बजे शुरू हुई छापेमारी देर रात 8 बजे तक चली.
धनबाद और दिल्ली की सीबीआई टीम ने बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की. साथ ही ब्रांच मैनेजर रोहित कुमार और कैशियर से लंबी पूछताछ की. सूत्रों की मानें तो जांच पूरी होने के बाद सीबीआई टीम दोनों बैंक कर्मियों को अपने साथ ले गई. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मृत खाताधारकों के बैंक खातों में जमा राशि उनके उत्तराधिकारियों को हस्तांतरित करने के एवज में कथित रिश्वतखोरी की शिकायत को लेकर की गई है. इसी मामले में सीबीआई ने बैंक के रिकॉर्ड खंगाले और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की.
इधर, बैंक में सीबीआई की छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि देर रात तक सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया और बैंक कर्मी भी कुछ भी बोलने से बचते नजर आए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

