Search

 
 
 

Godda News : महागामा में कांग्रेस का BLA प्रशिक्षण शिविर, 96 बूथ एजेंटों को SIR प्रक्रिया की दी गई जानकारी

महागामा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुरगंगटी प्रखंड में कांग्रेस की ओर से BLA (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड क्षेत्र के 96 बूथों के कांग्रेस बूथ एजेंट शामिल हुए. प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना था.
 
  • पात्र मतदाता का नाम कटने नहीं देंगे : दीपिका पांडेय सिंह

Godda : महागामा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुरगंगटी प्रखंड में कांग्रेस की ओर से BLA (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड क्षेत्र के 96 बूथों के कांग्रेस बूथ एजेंट शामिल हुए. प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना था.

 

प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक सह राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पात्र मतदाता का नाम किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची से कटना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बूथ एजेंटों के कंधों पर है.

 

मंत्री ने कहा कि SIR प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड में भी भोले-भाले और कागजी प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं रखने वाले लोगों के नाम हटाने की कोशिश हो सकती है. ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बूथ एजेंटों को सजग होकर मैदान में उतरना होगा. उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर प्रत्येक मतदाता को उसके मताधिकार का अधिकार दिलाना कांग्रेस का कर्तव्य है.

 

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महागामा क्षेत्र को लेकर जो “साजिश” SIR प्रक्रिया के जरिए रची जा रही है, उसे विफल करने के लिए यह प्रशिक्षण बेहद जरूरी है. उन्होंने बूथ एजेंटों से SIR प्रक्रिया की बारीकियों और कागजी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझने की अपील की, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

 

उन्होंने युवाओं और शिक्षित मतदाताओं से ऑनलाइन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार की सही जानकारी उपलब्ध कराने की भी अपील की. मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य भी है.

 

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है. लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता सूची में पात्र लोगों का नाम सुरक्षित रखना जरूरी है.

 

प्रशिक्षण शिविर में ट्रेनर मुद्दसिर खान, जिला अध्यक्ष याहया सिद्दीकी, ठाकुरगंगटी प्रखंड अध्यक्ष दीपिका मुर्मू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और बूथ एजेंट मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही