Search

Godda News : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कई योजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

  • महागामा में विकास योजनाओं की सौगात, सड़क, सिंचाई और जैविक खेती को मिली नई दिशा

Godda : महागामा विधानसभा क्षेत्र के मेहरमा और ठाकुरगंगटी प्रखंड में ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन योजनाओं के माध्यम से सड़क, सिंचाई, जैविक खेती और महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई.

 

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत ठाकुरगंगटी प्रखंड में दुधकोल से बाघाकोल (पीएमजीएसवाई मार्ग) तक 1.750 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया. करीब 1 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगे. इससे कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

 

वहीं, मेहरमा प्रखंड के परसा गांव में समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना परियोजना का उद्घाटन किया गया. इस परियोजना के तहत सौर ऊर्जा संचालित लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से लगभग 60 से 70 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाकर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

Uploaded Image

 

यह परियोजना झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) एवं PRADAN के संयुक्त प्रयास से संचालित की जा रही है. परियोजना का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व, प्रबंधन और आजीविका के नए अवसर मिलेंगे.

 

ठाकुरगंगटी प्रखंड के दूधकोल में जैविक संसाधन केंद्र का भी उद्घाटन किया गया. यह केंद्र जैविक खेती और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगा. इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. यह पहल किसानों को रासायनिक खेती से हटकर प्राकृतिक और कम लागत वाली खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगी.

 

इसके अलावा ठाकुरगंगटी स्थित हरिदेवी रेफरल अस्पताल परिसर में स्वर्गीय रामेश्वर ठाकुर की पूजनीय माता स्व. हरिदेवी जी की स्मृति में निर्मित स्मारक का अनावरण भी किया गया. इस स्मारक को मातृशक्ति के सम्मान और समाजसेवा के मूल्यों का प्रतीक बताया गया.

 

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना, किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि से जोड़ना और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि महागामा के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//