Search

 
 
 

Godda News: SIR में लापरवाही पर BLO को नोटिस, सुपरवाइजर के निलंबन की तैयारी

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची अपडेट कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया के निर्देश पर पौड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया
 

Godda: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची अपडेट कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया के निर्देश पर पौड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्तरों पर अनियमितताएं और कार्यों में गंभीर उदासीनता सामने आई.


उप निर्वाचन पदाधिकारी ने शनिवार को विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण, निर्वाचन अभिलेखों के रखरखाव तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की. जांच के दौरान बूथ संख्या-39 पर तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.


निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर भी बिना अनुमति अपने कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए. निर्वाचन कार्यों के प्रति उनकी उदासीनता को गंभीर मानते हुए, उप निर्वाचन पदाधिकारी ने उनके निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है.


जांच में यह भी सामने आया कि एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा एडिशनल एईआरओ सह अंचलाधिकारी (सीओ), पौड़ैयाहाट द्वारा निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई जा रही थी. इस पर दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया है.


उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी जवाबदेही और गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.


जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि SIR अभियान के दौरान निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी. भविष्य में किसी भी स्तर पर अनियमितता या कार्य में ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का लक्ष्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही