Jamshedpur : गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक डकैती कांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. बिहार और पश्चिम बंगाल में संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
24 सितंबर को हुई इस डकैती में अपराधी बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, मामले में बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े पांच संदिग्धों की पहचान की गई है. इनमें समस्तीपुर के प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के अक्षय कुमार उर्फ साका, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह और चंपारण के ऋतिक कुमार के नाम शामिल हैं. पुलिस इन संदिग्धों के अलावा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें
घरों पर दबिश, संपर्कों की पड़ताल
संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके घरों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. हालांकि, कई स्थानों पर आरोपी नहीं मिले. समस्तीपुर में प्रियदर्शी के घर पहुंची पुलिस को उसकी मां मिलीं. उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया.
पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों, आवाजाही के रास्तों और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नेपाल से जुड़े संभावित अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.
सूचना देने वाले को मिलेगा दो लाख रुपये
फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है. प्रत्येक आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को दो लाख रुपये दिए जाएंगे. पांच आरोपियों के लिए कुल 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है. पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है.
जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, आरोपी के संबंध में जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर दी जा सकती है. पुलिस को उम्मीद है कि आम लोगों से मिलने वाली सूचना फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मददगार साबित होगी.

