Sheikhpura: बिहार की राजनीति में इन दिनों सरकारी आवास को लेकर सियासी घमासान जारी है. विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को नया सरकारी आवास आवंटित किए जाने के बावजूद उनके द्वारा 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली नहीं करने के फैसले पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. इस बीच शेखपुरा में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिए राबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर तीखा निशाना साधा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ नेताओं की सबसे बड़ी चिंता अपना सरकारी घर बचाए रखने की होती है, जबकि जनप्रतिनिधियों का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में वह कई बार मंत्री, उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने कभी सरकारी आवास में रहने की जरूरत महसूस नहीं की और अपने निजी घर में ही रहे.
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर दिया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने अपने आवास के बाहर यह लिखवाने का निर्देश दिया कि यह "लोक सेवक का आवास" है, जो जनता की सेवा का माध्यम है, किसी की निजी संपत्ति नहीं.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी आवास स्थायी नहीं होते और पद के अनुसार बदलते रहते हैं. अपने राजनीतिक जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद से अब तक वह कई अलग-अलग सरकारी आवासों में रहे हैं और अधिकांश का उपयोग कार्यालय संचालन के लिए किया है. लेकिन कुछ लोगों को सरकारी आवास से अत्यधिक मोह हो गया है.
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को अपने लिए अलग घर चाहिए, परिवार के अन्य सदस्यों के लिए अलग घर चाहिए, जबकि जनता की समस्याएं पीछे छूट जाती हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित में काम करने के लिए बनी है, न कि व्यक्तिगत सुविधाओं के लिए.
सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस दिन पार्टी और नेतृत्व उन्हें पद छोड़ने के लिए कहेगा, वह 24 घंटे के भीतर सरकारी आवास खाली कर अपने निजी घर लौट जाएंगे. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनसेवा सर्वोपरि है और सरकार का पूरा ध्यान जनता के कल्याण पर केंद्रित रहना चाहिए.
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन का नया मॉडल देखा है और उनकी सरकार भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राज्य के विकास और जनता की भलाई के लिए लगातार काम करती रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment