- 31 दिसंबर तक डीबीटी पोर्टल पर करें आवेदन
Patna News: बिहार में ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ के तहत ड्रैगन फ्रूट की क्लस्टर खेती के लिए प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक की अनुदान राशि किसानों को दी जाएगी. इसके साथ ही योजना के माध्यम से किसानों को चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों के लिए एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा.
कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे क्लस्टर आधारित बागवानी को अपनाएं और सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने के साथ बिहार को उद्यानिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में सहभागी बनें.
इसे भी पढ़ें:
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीता की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर और अनार के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता और ड्रैगन फ्रूड सहित चयनित सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक उद्यानिकी वाली फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी में इजाफा करें.
कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आत्मनिर्भर और किसानों को कृषि उद्यमी के रूप में विकसित करने के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि क्लस्टर आधारित बागवानी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे किसानों को बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज एवं बाजा की सुविधा मिलेगी. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
उन्होंने बताय कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती पर प्रति एकड़ एक लाख रुपये और ड्रैगन फ्रूट की खेती पर प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा. अनुदान की राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में उपलब्ध कराई जाएगी. किसान अधिकतम 10 एकड़ तक क्लस्टर खेती के लिए योजना का लाभ ले सकते हैं.
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक किसान 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें. आवेदन में गलत जानकारी या डॉक्यूमेंट में त्रुटि पाए जाने पर आवेदन रद्द हो सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

