Search

 
 
 

Deoghar News: कोर्ट के आदेश पर राजकीय स्कूल सील, सैकड़ो बच्चों की पढ़ाई बाधित

देवघर में प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा असर 298 स्कूली बच्चों के भविष्य पर पड़ता दिखाई दे रहा है. भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में अदालत के आदेश के बाद सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित करीब 70 वर्ष पुराने राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चंदना को सील कर दिया गया.
 
देवघर जिले की खबरें

Deoghar: देवघर में प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा असर 298 स्कूली बच्चों के भविष्य पर पड़ता दिखाई दे रहा है. भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में अदालत के आदेश के बाद सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित करीब 70 वर्ष पुराने राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चंदना को सील कर दिया गया. स्कूल बंद होने के साथ ही यहां पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर संकट गहरा गया है.

 

Uploaded Image

 

जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में बने किचन शेड और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण को लेकर रैयत झारी सिंह ने अदालत में याचिका दायर की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी जमाबंदी भूमि पर अवैध निर्माण किया गया है. इस मामले में देवघर के उपायुक्त, सारवां अंचलाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और विद्यालय प्रबंधन समिति को पक्षकार बनाया गया था. 

इसे भी पढ़ें: 

मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने 10 जून 2026 को वादी के पक्ष में फैसला सुनाया. इसके बाद 5 जुलाई को न्यायालय के निर्देश पर मजिस्ट्रेट हेमंत मुर्मू की निगरानी में आठ सदस्यीय टीम ने विद्यालय पहुंचकर उसे सील कर दिया.

 

विद्यालय बंद होने से कक्षा 1 से 8 तक के 298 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो गई है. सोमवार को कई बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुंचे, लेकिन मुख्य द्वार पर ताला लगा देखकर मायूस होकर वापस लौट गए. घटना से नाराज छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.

 

इस विद्यालय में कुल आठ शिक्षक कार्यरत हैं और यह पिछले लगभग सात दशकों से क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहा था. अब अचानक स्कूल बंद होने से अभिभावकों और छात्रों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है.

 

जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने स्वीकार किया कि पूर्व में हुई विभागीय लापरवाही का खामियाजा अब छात्रों को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जल्द ही वैकल्पिक विद्यालय की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही न्यायालय के फैसले को चुनौती देने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अपील दायर की जाएगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही