Ranchi : झारखंड में बाघों के संरक्षण को लेकर विकास महतो की जनहित याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. मामले में राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) प्रोजेक्ट के दो गांव के विस्थापितों, जिन्हें दूसरे गांव में पुनर्वासित किया गया था, उन्हें जमीन की रसीद (जमीन का पट्टा) देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है. लेकिन उन्हें जमीन की रसीद अब तक प्राप्त नहीं हुई है.
जिस पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने नाराजी जताते हुए कहा कि यह अवमानना के दायरे में आता है. महाधिवक्ता रोहित राय की आग्रह पर अदालत ने सरकार को विस्थापितों को जमीन की रसीद 3 सप्ताह में हैंडओवर करने का निर्देश दिया. अब मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी.
इसे भी पढ़ें
पिछली सुनवाई में सरकार ने कोर्ट को बताया था कि कैबिनेट की बैठक में विस्थापितों को जमीन की रसीद और म्यूटेशन सेटलमेंट रिकॉर्ड देने पर सहमति बन गई है. लेकिन इसमें 4 माह का समय लगेगा. उल्लेखनीय है कि पलामू रिजर्व टाइगर प्रोजेक्ट में स्थित दो गांव (कुजरुम और जयगीर) के लोगों को दूसरे गांव (पोलपोल) पुनर्वासित किया गया है. राज्य सरकार द्वारा विस्थापितों को मुहैया कराई गई जमीन की रसीद नहीं कट रही है, जिससे उन्हें जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा है.

