Ranchi : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सरकार पर ट्रेजरी घोटाले की जांच में लापरवाही का आरोप लगाया है. मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह घोटाला लगातार बड़ा होता जा रहा है और इसकी राशि हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले अप्रैल महीने में सामने आई थी. शुरुआत में इसे छोटा मामला माना गया, लेकिन बाद में कई जिलों में इससे जुड़े तथ्य सामने आने लगे. उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी यह कह चुके हैं कि बड़ी राशि का सही हिसाब नहीं मिल रहा है.
उन्होंने सरकार द्वारा गठित एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि जांच टीम में ऐसे अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनका कार्यकाल कथित घोटाले के समय से जुड़ा रहा है. इससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं.
प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि घोटाले से जुड़े कई जिलों में अब तक पूरी तरह जांच नहीं हो पाई है. डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी जांच में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है.
उन्होंने बिहार के चारा घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि जांच में देरी या तथ्यों को छिपाने की कोशिश किसी भी सरकार के लिए नुकसानदायक हो सकती है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment