Ranchi News: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को नामकुम स्थित दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने संस्था की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया. राज्यपाल ने संस्था की टीम को बधाई देते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.
इसे भी पढ़ें:
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. उन्हें उचित अवसर और अनुकूल वातावरण मिले, तो वे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक भागीदारी के समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए. इसके लिए उन्हें सम्मान और समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. सरकार, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को मिलकर इस दिशा में प्रयास करना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

