Ranchi News : मोरहाबादी स्थित मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित सीआईएससीई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ. तीनों आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में देशभर से आईं छात्राओं ने शानदार खेल, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का प्रदर्शन किया.
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन सीआईएससीई के बिहार-झारखंड रीजन (रांची जोन) की ओर से किया गया था, जबकि सेंट जेवियर्स स्कूल, डोरंडा ने इसकी मेजबानी की.अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु ने नॉर्थ वेस्ट को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया. अंडर-17 वर्ग में कर्नाटक एंड गोवा ने महाराष्ट्र को कड़े मुकाबले में 1-0 से पराजित कर चैंपियनशिप जीती. वहीं, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में ओडिशा ने नॉर्थ वेस्ट को 1-0 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया.
मुख्य अतिथि हॉकी इंडिया के महासचिव, एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष और हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को खेल में आगे बढ़ने के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने का अवसर देती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार दोनों को खेल भावना के साथ स्वीकार करते हुए मेहनत जारी रखने और बड़े सपने देखने का आह्वान किया.
सेंट जेवियर्स स्कूल, डोरंडा के प्राचार्य फादर फुलदेओ सोरेंग, एसजे ने भी सभी विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के समर्पण, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों को सीखने का अवसर भी दिया.
आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सीआईएससीई, हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड, विभिन्न रीजन, स्कूलों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों, रेफरी, स्वयंसेवकों, मेडिकल टीम, अभिभावकों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार जताया. आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा को अवसर, मेहनत को सही दिशा और सपनों को दृढ़ संकल्प का साथ मिले तो सफलता हासिल की जा सकती है.

