Search

 
 
 

झारखंड स्थापना दिवस को लेकर मोरहाबादी में भव्य तैयारियां, जतरा से लेकर ड्रोन शो तक आकर्षण

झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान पूरी तरह उत्सव के रंग में रंग चुका है. राज्य सरकार इस सिल्वर जुबली समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने जा रही है. मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कल तक सभी व्यवस्थाएं जनता के लिए खोल दी जाएंगी.
 

Ranchi : झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान पूरी तरह उत्सव के रंग में रंग चुका है. राज्य सरकार इस सिल्वर जुबली समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने जा रही है. मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कल तक सभी व्यवस्थाएं जनता के लिए खोल दी जाएंगी.


झारखंड के विभिन्न विभाग जैसे पर्यटन, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता, सांस्कृतिक विरासत, उद्योग, खान एवं भूविज्ञान, खेल, वन-जलवायु एवं पर्यावरण परिवर्तन विभाग तथा सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं अपनी प्रदर्शनियां लगाएंगे. इन सभी प्रदर्शनियों का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे और इसके बाद वे मंच से जनता को संबोधित भी करेंगे.

 

मोरहाबादी मैदान में झारखंड की पारंपरिक सोहराई पेंटिंग बनाई गई है, जो राज्य की कला और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है. साथ ही कई थीम-आधारित सेक्शन तैयार किए गए हैं जहां राज्य की परंपरा, लोकजीवन और आधुनिक विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा.


समारोह में पूरे राज्य से हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न जिलों से नि:शुल्क बसों की व्यवस्था की गई है. रांची शहर को रोशनी, सजावट और रंगीन बैनरों से सजाया गया है, जिनमें राज्य की 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां- इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और जनकल्याण योजनाएं दिखाई गई हैं.

 

मोरहाबादी मैदान में 15 और 16 नवंबर को दो दिवसीय समारोह आयोजित होगा

.15 नवंबर: राज्य स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम

.16 नवंबर: ऐतिहासिक झारखंड जतरा और सांस्कृतिक महोत्सव

 

16 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘झारखंड जतरा’ सुबह 10 बजे JAP-1 डोरंडा परिसर से शुरू होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान तक जाएगी. इसमें 4000 से अधिक लोक कलाकार और 22 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो झारखंड की संस्कृति, संघर्ष और विकास यात्रा को दर्शाएंगी.

 

शाम 4 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें जनजातीय नृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वाद्य-संगीत और झारखंडी गायिकाओं का लाइव परफॉर्मेंस शामिल रहेगा. इस वर्ष पहली बार राजधानी में ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा.

 

विशेष प्रदर्शनी में झारखंड की विकास यात्रा, जनजातीय संस्कृति, कला–हस्तशिल्प और महापुरुषों की विरासत को दिखाया जाएगा. भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित विशेष सेक्शन और उनकी जीवनगाथा पर आधारित झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी. मोरहाबादी मैदान में इस बार का झारखंड स्थापना दिवस राज्य के 25 वर्षों की संस्कृति, संघर्ष और उपलब्धियों का भव्य संगम बनने जा रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही