Lagatar Desk : गुजरात के भरूच जिले के वागरा से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां सायखा GIDC में सिनजील फार्माकेम कंपनी में भीषण धमाका हुआ है. इस हादसे में कंपनी के अंदर काम कर रहे 5 मजदूरों की मौत हो गई है. जबकि 2 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें
हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, कंपनी में केमिकल से जुड़ी हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और प्लांट में लगी मशीनों के हिस्से व लोहे के टुकड़े दूर तक जा गिरे.
अचानक हुए जोरदार धमाके से वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और इसकी चपेट में आकर 5 मजदूरों की जान चली गई. जबकि 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें भी जांच में जुट गई हैं.
औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और कंपनी में सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं.
जांच में किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही की भूमिका सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

