Gumla News: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताने के लिए विशेष हस्तनिर्मित राखी अभियान चलाया गया. इसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने हाथों से 300 से अधिक सुंदर राखियां तैयार कीं.
अब इन राखियों को डाक के माध्यम से सीमा पर तैनात सैनिकों तक भेजा जा रहा है, ताकि दूर रहकर भी जवानों को भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते का स्नेह और शुभकामनाएं मिल सकें.
इसे भी पढ़ें:
इस पहल पर अपने मैसेज में प्रधान डाकघर गुमला के डाकपाल शिवशंकर ठाकुर ने कहा कि यह अभियान न केवल डाक सेवाओं के प्रति नई पीढ़ी की रुचि को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि उनमें देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रबल करेगा. स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती माधवी पांडे ने इस आयोजन को बच्चों के सर्वांगीण विकास और संवेदनशीलता को बढ़ाने वाला बताया.
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में डाक सहायक राजेश कुमार महतो और निरंजन ओहार ने महत्वपूर्ण समन्वय की भूमिका निभाई. सीसीए इंचार्ज संयुक्ता खटुआ ने बताया कि छात्रों में रचनात्मकता और देशप्रेम को प्रोत्साहित करने के लिए यह एक शानदार अवसर था.
एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर सेकेंड ऑफिसर अभिजीत झा ने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचने वाली ये राखियां उनके प्रति छात्रों के अटूट सम्मान का प्रतीक हैं. वहीं, कला शिक्षक पार्थ प्रतिम मैती ने छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से सैनिकों के प्रति जो प्रेम व्यक्त किया है, वह वास्तव में सराहनीय है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

