Gumla News: उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ के निदेशक मंडल की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में किसानों और वनोपज संग्रहकर्ताओं को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने, बाजार उपलब्ध कराने तथा संघ की गतिविधियों को मजबूत करने पर चर्चा की गई.
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2021 में गठित संघ का उद्देश्य जिले में उत्पादित कृषि एवं वनोपजों का संग्रहण कर बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. जिले में करंज बीज, लाह, इमली, रागी, महुआ सहित कई वनोपजों की बिक्री होती है, लेकिन उचित बाजार एवं मूल्य की जानकारी के अभाव में किसानों को अपेक्षित कीमत नहीं मिल पाती है.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने अधिकारियों को किसानों और वनोपज संग्रहकर्ताओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोगों को उत्पाद के उचित मूल्य, बाजार और संघ के माध्यम से बिक्री की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि बिचौलियों पर निर्भरता कम हो और किसानों की आय बढ़ सके.
संघ का अलग कार्यालय नहीं होने पर उपायुक्त ने पुराने आईटीडीए कार्यालय भवन को सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ के कार्यालय के रूप में स्थापित करने का निर्देश दिया. साथ ही संघ की गतिविधियों को पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक किसानों एवं संग्रहकर्ताओं को इससे जोड़ने पर जोर दिया.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सह प्रबंध निदेशक सिद्धकोफेड अहमद बेलाल अनवर, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन, जिला सहकारिता पदाधिकारी माधुरी बेग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, लैम्पस के निर्वाचित निदेशक मंडल के सदस्य एवं कर्मी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

