- कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम में किसानों को भी मिले आधुनिक उपकरण
- विधायक बोले—गांव-गांव पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
Gumla News: किसानों को आधुनिक कृषि संसाधन उपलब्ध कराने और खेती को आसान बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. गुरुवार को जिला कृषि विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत सात महिला स्वयं सहायता समूहों को 80 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर वितरित किए गए. इसके अलावा आठ से अधिक किसानों को विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्र भी उपलब्ध कराए गए.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम में गुमला विधायक भूषण तिर्की मुख्य अतिथि और उपायुक्त दिलेश्वर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, एसडीओ अखिलेश कुमार सहित कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
ट्रैक्टर और कृषि यंत्र मिलने से महिला समूहों तथा किसानों को खेती के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करने में मदद मिलेगी. इससे कृषि कार्यों में लगने वाले समय और श्रम को कम करने के साथ खेती की उत्पादकता बढ़ाने की उम्मीद है.
विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गांवों तक कृषि संसाधन पहुंचाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है. भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से ट्रैक्टर और कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों को नई गति मिलेगी. उन्होंने लाभुकों से मिले संसाधनों का बेहतर और सामूहिक उपयोग करने की अपील की.
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला कृषि प्रधान जिला है और बड़ी आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से खेती पर निर्भर है. किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने से कम समय और कम श्रम में अधिक प्रभावी तरीके से खेती करना संभव होगा.
उन्होंने किसानों से जिले में उपलब्ध जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का बेहतर उपयोग करने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि रबी के मौसम में भी अधिक से अधिक भूमि पर खेती की जाए, ताकि किसानों की आय और कृषि गतिविधियों का दायरा बढ़ सके.
उन्होंने महिला समूहों और किसानों से ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों का सामूहिक, जिम्मेदारीपूर्वक और अधिकतम उपयोग करने को कहा. प्रशासन का मानना है कि आधुनिक कृषि संसाधनों की उपलब्धता से जिले में कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

