Search

 
 
 

Gumla News: गुमला में जाम से मुक्ति के लिए प्रशासन एक्शन मोड में, वन-वे और नए बस स्टैंड पर मंथन

Gumla News: प्रशासन ने बस स्टैंड से निकलने के बाद मुख्य सड़कों पर मनमाने ढंग से बसें रोककर सवारी बैठाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का मानना है कि मुख्य मार्गों पर बसों के अनावश्यक ठहराव से यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है.
 
जाम मुक्ति को लेकर बैठक
  • पटेल चौक से टावर चौक तक यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद
  • अतिक्रमण और मनमाने ढंग से बस रोकने पर होगी कार्रवाई

Gumla News: शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या, बसों के परिचालन, अतिक्रमण, नो-एंट्री और यातायात नियमों के पालन सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई.


इसे भी पढ़ें:


बैठक में विशेष रूप से पटेल चौक से टावर चौक तक लगने वाले जाम के स्थायी समाधान पर मंथन किया गया. इस दौरान बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से शहर में बसों के परिचालन को लेकर सुझाव लिए गए. बस संचालकों के सुझावों को सूचीबद्ध कर अंतिम निर्णय के लिए उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा.

 

प्रशासन ने बस स्टैंड से निकलने के बाद मुख्य सड़कों पर मनमाने ढंग से बसें रोककर सवारी बैठाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का मानना है कि मुख्य मार्गों पर बसों के अनावश्यक ठहराव से यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है.

 

नए बस स्टैंड से कम होगा शहर पर दबाव

शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए नए बस स्टैंड के निर्माण की योजना पर भी काम चल रहा है. इसके लिए उपयुक्त स्थान के चयन की प्रक्रिया जारी है. प्रशासन को उम्मीद है कि नया बस स्टैंड बनने के बाद शहर के मुख्य मार्गों पर बसों और अन्य वाहनों का दबाव कम होगा.


बैठक में शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने और टावर चौक पर वाहनों की अनावश्यक आवाजाही को नियंत्रित करने की रणनीति पर विचार किया गया.

 

नो-वेंडिंग जोन में सख्ती, चलेगा संयुक्त अभियान

शहर में पहले से घोषित नो-वेंडिंग जोन का पालन कराने को लेकर भी प्रशासन सख्त है. सड़क किनारे यातायात में बाधा पैदा करने वाले ठेले और खोमचे हटाए जा रहे हैं. पटेल चौक और टावर चौक के आसपास अतिक्रमण की स्थिति की जांच के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम जल्द अभियान चला सकती है.


इसके अलावा भारी वाहनों के शहर में प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित नो-एंट्री समय का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है. बाजार-हाट के दिनों में जाम की समस्या को देखते हुए ऑटो और अन्य वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थल निर्धारित करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है.


जल्द चलेगा संयुक्त प्रवर्तन अभियानबैठक में तय दिशा-निर्देशों को जमीन पर लागू कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने की तैयारी है. प्रशासन का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क पर अनावश्यक अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.


शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की इस कवायद से पटेल चौक, टावर चौक समेत प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है. हालांकि, वन-वे व्यवस्था, नए बस स्टैंड और अन्य प्रस्तावों के अंतिम क्रियान्वयन के बाद ही इसका वास्तविक असर सामने आएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही