Search

 
 
 

Gumla News: 2 से 7 नवंबर तक जिले में लगेंगे आयुष स्वास्थ्य शिविर, फ्री में स्वास्थ्य जांच

Gumla News: 2 से 7 नवंबर तक गुमला जिले के विभिन्न प्रखंडों, सरकारी विद्यालयों एवं चिन्हित ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क विशेष आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगे.
 
  • ऑस्टियोआर्थराइटिस, हड्डी-मांसपेशियों के विकार, बुजुर्गों के स्वास्थ्य और जनजातीय समुदायों पर विशेष फोकस; जांच, परामर्श और दवाएं मिलेंगी निःशुल्क

Gumla News: जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2 से 7 नवंबर तक विभिन्न प्रखंडों, सरकारी विद्यालयों एवं चिन्हित ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क विशेष आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से आयोजित इन शिविरों में लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगे.

 

इसे भी पढ़ें:

 

2 नवंबर को हड्डी और मांसपेशियों की होगी जांच

पहले दिन ऑस्टियो आर्थराइटिस तथा हड्डियों एवं मांसपेशियों से संबंधित समस्याओं की जांच और उपचार के लिए शिविर लगाए जाएंगे. बसिया, घाघरा, सिसई, चैनपुर, बिशुनपुर, डुमरी, रायडीह और गुमला के आयुष औषधालयों के अलावा पालकोट, जारी, भरनो प्रखंड परिसर तथा कामडारा में बैंक के समीप शिविर आयोजित होंगे.

3 नवंबर को बुजुर्गों के लिए विशेष शिविर

3 नवंबर को वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जेरियाट्रिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे. इनमें बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

 

4 नवंबर को स्कूलों में स्वास्थ्य एवं योग कार्यक्रम

4 नवंबर को चयनित सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आयुर्वेदीय विद्यालयी स्वास्थ्य एवं योग कार्यक्रम आयोजित होंगे. सिसई, बिशुनपुर, बसिया, गुमला, घाघरा, रायडीह, डुमरी और चैनपुर प्रखंड के विद्यालयों में बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली, आयुर्वेद और योग के महत्व की जानकारी दी जाएगी.


5 नवंबर को बिरहोर और असुर समुदाय के लिए शिविर

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 5 नवंबर को घाघरा के मथनीडीपा, बिशुनपुर के जेहनगुटवा एवं बिरहोर कॉलोनी, चैनपुर के दिना तथा डुमरी के असुर टोली में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे.


6 नवंबर को कारुण्या और 7 नवंबर को आयुष ग्राम स्वास्थ्य शिविर

6 नवंबर को बसिया, गुमला और चैनपुर प्रखंड में कारुण्या स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे. वहीं, 7 नवंबर को आयुष ग्राम स्वास्थ्य शिविर के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अंतर्गत घाघरा प्रखंड के बड़काडीह, देवाकी एवं नवडीहा, सिसई के नगर, जमगई एवं रेड़वा, रायडीह के पतराटोली, खीराखाड़ एवं भलमंडा तथा गुमला प्रखंड के टोटो, आंजन एवं करौंदी गांव में शिविर लगाए जाएंगे.


जिला प्रशासन एवं जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय ने आम नागरिकों से इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है. विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी शिविर में पहुंचने की अपील की है. शिविरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सहिया दीदियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को इन निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही