Search

 
 
 

Gumla News :  बारात से लौट रही कार पेड़ से टकराई, दूल्हे के पिता समेत दो की मौत

जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया.
 
  • दूल्हे के पिता समेत दो की मौत, तीन घायल

Gumla: जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. काली मंदिर के समीप बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए.

 

मिली जानकारी के अनुसार, बसिया प्रखंड के लोंगा गांव निवासी आकाश साहू उर्फ बजरंग की शादी कुम्हारिया गांव में संपन्न हुई थी. विवाह समारोह के बाद शनिवार सुबह बाराती अपने गांव लौट रहे थे. दूल्हा और दुल्हन अलग वाहन में सवार थे, जबकि दूसरी कार में दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू, दीनबंधु साहू, रामवृक्ष पांडेय, मनोज ठाकुर और मुकुंद साहू यात्रा कर रहे थे.

 

बताया जा रहा है कि पालकोट स्थित काली मंदिर के पास पहुंचने पर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई. कलेश्वर साहू घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे.

 

हादसे में गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है.

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इधर, शादी के घर में हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियों का माहौल गम में बदल गया. पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक व्याप्त है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही