Gumla News: जिले में पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक हुई. बैठक के दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने विभिन्न पर्यटन स्थलों और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों आंजन धाम, टांगीनाथ धाम, कतरी एवं हिरादाह डैम, रॉक गार्डन, सदनी घाघ और नवरत्नगढ़ किला समेत अन्य स्थलों के विकास की समीक्षा की गई. अधिकारियों से पहुंच पथ, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने लंबित योजनाओं का प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा.
खेल अवसंरचना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बसिया इंडोर स्टेडियम में वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि रायडीह के बख्तर साय स्टेडियम का विकास कार्य करीब 90 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सिंथेटिक हॉकी फील्ड के निर्माण तथा जिले के अन्य खेल मैदानों के विकास कार्यों की भी जानकारी ली गई.
उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी योजनाओं में आवश्यक तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आधुनिक खेल सुविधाओं से स्थानीय खिलाड़ियों और उभरती खेल प्रतिभाओं को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे.
बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

