- लूथरन हाई स्कूल में बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक में हुए डीसी शामिल
- मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के दिए निर्देश
Gumla News: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलेश्वर महतो ने लूथरन हाई स्कूल में आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला की गतिविधियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने स्वयं घर-घर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन भी किया.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने प्रारूप मतदाता सूची का बारीकी से अवलोकन करने के बाद क्षेत्र में भ्रमण किया. उन्होंने दर्जनों घरों में जाकर मतदाताओं और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा सूची में दर्ज नामों एवं अन्य विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान किया. सत्यापन के दौरान जहां भी नाम, पता या अन्य जानकारियों में त्रुटियां अथवा विसंगतियां सामने आईं, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमानुसार सुधार की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता का विवरण सही हो.
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान करें. साथ ही मतदाताओं को भी अपने नाम एवं अन्य जानकारियों की जांच करने के लिए जागरूक करें, ताकि समय रहते त्रुटियों का निराकरण किया जा सके.
उपायुक्त ने बीएलओ एवं बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय बनाकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत और समावेशी बनाने की सामूहिक जिम्मेदारी है.
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर अखिलेश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी, बीएलओ एवं बीएलए-2 उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

