Gumla News: जिल के उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने गुरुवार को घाघरा प्रखंड अंतर्गत एग्रो फॉरेस्ट्री विलेज बुरजू व क्लाइमेट स्मार्ट विलेज सेहल का भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने तथा जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित गतिविधियों का जायजा लिया.
भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रदान संस्था एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन होने से किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे.
इसे भी पढ़ें:
इसके साथ ही उप विकास आयुक्त ने सिंचाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया. उन्होंने उपलब्ध जल संसाधनों के समुचित उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के बेहतर संचालन एवं कृषि क्षेत्र में इसके अधिकतम उपयोग को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने क्लाइमेट स्मार्ट विलेज सेहल में अपनाई जा रही जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों एवं ग्रामीणों की भागीदारी की भी जानकारी ली. उप विकास आयुक्त ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कृषि एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने, योजनाओं का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को इन पहलों से अधिक से अधिक लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

