Gumla News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत जिले में चल रहे विशेष शिविरों और सुनवाई प्रक्रिया का बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न शिविरों में पहुंचकर मतदाताओं की उपस्थिति, दावे-आपत्तियां, नोटिस तामिला, दस्तावेज सत्यापन और मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली.
इसी क्रम में उपायुक्त रायडीह प्रखंड के सीलम पंचायत पहुंचे, जहां आयोजित विशेष शिविर में उन्होंने स्वयं शामिल होकर मतदाताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया. नोटिस प्राप्त मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उन्होंने उनके मामलों की जानकारी ली तथा प्रस्तुत दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया.
इसे भी पढ़ें:
कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन
सीलम पंचायत के शिविर में उपायुक्त की मौजूदगी में कई मामलों की सुनवाई की गई. उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए. प्रत्येक मामले में दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उपायुक्त ने कठिन एवं जटिल मामलों की भी जानकारी लेते हुए उपलब्ध दस्तावेज, बीएलओ की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार निर्णय लेने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जहां अतिरिक्त दस्तावेज या स्पष्टीकरण की आवश्यकता हो, वहां मतदाताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए.
मतदाताओं से सीधे संवाद
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR-2026 की प्रक्रिया के संबंध में मतदाताओं को सरल और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए.
4 सितंबर तक दावा-आपत्ति
SIR-2026 के तहत जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों, पंचायतों एवं निर्धारित स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया गया था. इसके बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित है.
7 अक्टूबर को अंतिम प्रकाशन
वहीं विसंगतियों एवं मैपिंग नहीं होने से संबंधित मामलों में नोटिस जारी करने और सत्यापन की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है.
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमला जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में SIR-2026 के तहत कुल 2,11,373 नोटिस केस चिह्नित किए गए हैं. इन मामलों से कुल 1,019 बूथ/भाग जुड़े हैं.
चिह्नित मामलों में 1,73,929 विसंगतियां, 29,698 नो मैपिंग तथा 7,746 लंबित सत्यापन (पेंडिंग डीएससी) के मामले शामिल हैं. निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका सत्यापन एवं ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है.
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने मतदाताओं से अपील की है कि SIR-2026 के तहत जिन्हें नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित सुनवाई या विशेष शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि उनके मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन किया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

