Search

 
 
 

Gumla News: छठ से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग चौकस, कार्बाइड मिला तो होगी कार्रवाई, फल विक्रेताओं को चेतावनी

Gumla News: खाद्य सुरक्षा विभाग ने फल दुकानों, फल पकाने वाले राइपनिंग चैंबर और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग ने जिले को कार्बाइड मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए फल विक्रेताओं को चेतावनी दी कि फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे प्रतिबंधित एवं हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल नहीं करें.
 
फल दुकान पर जांच करते अधिकारी

Gumla News: छठ महापर्व को लेकर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने फल दुकानों, फल पकाने वाले राइपनिंग चैंबर और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के विभिन्न बाजारों, फल मंडियों, राइपनिंग चैंबर और प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया.


इसे भी पढ़ें:

 

अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने किया. इस दौरान फल दुकानों के साथ गुपचुप और चाट ठेलों की भी जांच की गई. विभाग ने जिले को कार्बाइड मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए फल विक्रेताओं को चेतावनी दी कि फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे प्रतिबंधित एवं हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल नहीं करें.

 

अधिकारियों ने विक्रेताओं को प्राकृतिक तरीके से फल पकाने और सुरक्षित विकल्प अपनाने की सलाह दी. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

 

वहीं, स्ट्रीट फूड, गुपचुप और चाट दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच की गई. कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली, जबकि कुछ विक्रेता बिना ग्लव्स और कैप के खाद्य पदार्थ तैयार करते पाए गए. इस पर विभागीय टीम ने तत्काल व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए.

 

विक्रेताओं को साफ-सुथरे बर्तनों का इस्तेमाल करने, ग्लव्स व कैप पहनने और खाद्य सामग्री के लिए स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने को कहा गया. टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों की जानकारी भी दी.

 

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्बाइड मुक्त फल और सुरक्षित स्ट्रीट फूड उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है.

 

उन्होंने खाद्य विक्रेताओं से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और FSSAI लाइसेंस अथवा रजिस्ट्रेशन के साथ कारोबार करने की अपील की. साथ ही आम नागरिकों से भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी विभाग को देने या Food Safety Connect ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही