Search

 
 
 

Gumla News: फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी, मिठाइयों में सफेदी लाने के लिए 'हाइड्रो' केमिकल के इस्तेमाल पर सख्ती

Gumla News: मांझाटोली बाजार में मेसर्स सुमन प्रसाद, विनोद कुमार गुप्ता, अक्षय जेनरल स्टोर, तुलसी होटल, पीटर तिर्की और अपना होटल का निरीक्षण किया गया. मेसर्स विनोद कुमार गुप्ता की दुकान से टाटा नमक का नमूना लेकर गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया.
 
समानों की सैंपल लेते अधिकारी

Gumla News: दीपावली पर्व से पहले मिलावट खोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के मांझाटोली, डुमरी और चैनपुर बाजार में सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई. अभियान में खराब छोला और अखाद्य (नहीं खाने योग्य) रंगों से तैयार मिठाइयों को नष्ट कराया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई.


इसे भी पढ़ें:

 

मांझाटोली में दुकानों की जांच

मांझाटोली बाजार में मेसर्स सुमन प्रसाद, विनोद कुमार गुप्ता, अक्षय जेनरल स्टोर, तुलसी होटल, पीटर तिर्की और अपना होटल का निरीक्षण किया गया. मेसर्स विनोद कुमार गुप्ता की दुकान से टाटा नमक का नमूना लेकर गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया.

 

दुकानों में साफ-सफाई की निर्धारित व्यवस्था नहीं मिलने पर अक्षय जेनरल स्टोर, तुलसी होटल और पीटर तिर्की के खिलाफ अर्थदंड लगाया गया. वहीं, अपना होटल में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखने तथा परिसर में गंदगी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई.

 

डुमरी में केमिकल रंगों से बनी मिठाइयां नष्ट

डुमरी बाजार में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए. मेसर्स अभिषेक यादव की दुकान से खराब छोला नष्ट कराया गया. वहीं, मेसर्स केशरी दुकान में अखाद्य रासायनिक रंगों के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर तैयार जलेबी और बूंदी को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. इसी दुकान से उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी कोल्ड ड्रिंक भी बरामद हुई. इस मामले में दुकानदार पर अर्थदंड लगाया गया.

 

जांच के दौरान हिंदुस्तान बेकरी के एक पिकअप वाहन में बिना लेबल और निर्माण तिथि वाले खाद्य उत्पाद ले जाए जाते पाए गए. टीम ने वाहन संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया.

 

इसके अलावा अली स्टोर, कृष्णा स्टोर, रवि प्रसाद साहू, सरोज देवी, टू सिस्टर मोमोज-चाउमीन और न्यू रिशु मेडिकल हॉल का भी निरीक्षण किया गया. संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए.

मिठाइयों में मिलावट पर सख्त चेतावनी

चैनपुर बाजार में भी होटल और मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी गई. अधिकारियों ने छेना से बनने वाली मिठाइयों में मैदे की मिलावट तथा सफेदी लाने के लिए हानिकारक औद्योगिक रसायन 'हाइड्रो' के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी दी.

 

मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए अखाद्य रासायनिक रंगों का इस्तेमाल जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गंभीर मामलों में प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पर्व के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान जारी रखने की बात कही. साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नहीं बेचने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही