Search

 
 
 

Gumla News: कलश यात्रा के साथ करंजकुर में गोपाष्टमी पूजा शुरू

Gumla News: करंजकुर गांव में सोमवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल के बीच दो दिवसीय गोपाष्टमी पूजा का शुभारंभ हो गया है. कलश यात्रा में महिलाओं ने पवित्र पालामाडा नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर गांव के शिव-भवानी मंदिर पहुंचीं.
 
कलश यात्रा

Gumla News: जिले के रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत करंजकुर गांव में सोमवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल के बीच दो दिवसीय गोपाष्टमी पूजा का शुभारंभ हो गया है. पूजा के पहले दिन क्षेत्र की महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा में महिलाओं ने पवित्र पालामाडा नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर गांव के शिव-भवानी मंदिर पहुंचीं.


इसे भी पढ़ें:


नदी तट से मंदिर तक निकली कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. मंदिर पहुंचने के बाद नदी से लाए गए पवित्र जल को पूजा स्थल पर रखा गया. इसके बाद पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत कलश स्थापना कर गोपाष्टमी पूजा का शुभारंभ कराया. पूजा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ 24 घंटे का अखंड हरिनाम जाप भी शुरू किया गया, जिसमें श्रद्धालु बारी-बारी से शामिल होकर भगवान के नाम संकीर्तन कर रहे हैं.


पूजा आयोजन को लेकर करंजकुर एवं आसपास के गांवों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार गोपाष्टमी पूजा क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें ग्रामीण सामूहिक रूप से शामिल होकर गौ माता की पूजा-अर्चना करते हैं तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं.

 

1969 से चली आ रही है पूजा की परंपरा

गोपाष्टमी पूजा के महत्व और इसके इतिहास की जानकारी देते हुए पूजा समिति के मुख्य संरक्षक सच्चिदानंद पांडा ने बताया कि करंजकुर में गोपाष्टमी पूजा की परंपरा वर्ष 1969 से चली आ रही है. उन्होंने बताया कि रामरेखा धाम के संत स्वामी प्रपन्नाचार्य जी महाराज के मार्गदर्शन में क्षेत्र के लोगों ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत की थी.


उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गौ पूजा का विशेष महत्व है. गौ को धार्मिक आस्था, सेवा और सनातन परंपरा से जोड़ा गया है. इसी धार्मिक भावना और पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए प्रत्येक वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से गोपाष्टमी पूजा का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ना है.


दो दिवसीय पूजा के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है. अखंड हरिनाम जाप के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
पूजा आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सच्चिदानंद पांडा, अध्यक्ष भूपाल राम, रामप्रताप सिंह, जलधर गोप, दुर्गा प्रसाद सिंह, महाप्रभु निषाद, रूपनाथ साव, अर्जुन मल्लाह, अनूप, अमित प्रसाद, सागर मिश्रा, शंकर पांडेय, अमरनाथ सिंह, हरिनाथ सिंह, श्याम सिंह, मुनेश्वर सिंह एवं जगदीश सिंह सहित ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही