Gumla News: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को चैनपुर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया. जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) सत्येन्द्र महतो के निर्देश पर चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
गुमला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें:
अभियान के तहत चैनपुर थाना के समीप चेक-नाका लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई. इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) एवं रोड टैक्स सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई.
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने तथा आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी.
जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा. विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

