Search

 
 
 

Gumla News: SIR की सुपर चेकिंग, डीसी ने घर-घर पहुंचकर किया वोटर लिस्ट का सत्यापन

Gumla News: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने भरनो एवं सिसई प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाता सूची की सुपर चेकिंग की. उपायुक्त ने मतदाताओं के घर पहुंचकर SIR के तहत प्राप्त आवेदनों एवं दर्ज विवरणों का भौतिक सत्यापन किया.
 
खुद वोटर लिस्ट की चेकिंग करते डीसी दिलेश्वर महतो
  • भरनो-सिसई में मतदाताओं से सीधे संवाद कर जांची गई SIR के तहत दर्ज जानकारियां
  • अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश

Gumla News: मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अपडेट बनाने के उद्देश्य से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने भरनो एवं सिसई प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाता सूची की सुपर चेकिंग की. उपायुक्त ने मतदाताओं के घर पहुंचकर SIR के तहत प्राप्त आवेदनों एवं दर्ज विवरणों का भौतिक सत्यापन किया.


इसे भी पढ़ें:


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उनके नाम, पता सहित अन्य आवश्यक विवरणों की जानकारी ली और SIR प्रक्रिया के दौरान दर्ज सूचनाओं से उसका मिलान किया. उन्होंने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं संबंधित कर्मियों द्वारा किए जा रहे सत्यापन कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का भी जायजा लिया.


गलती और दोहराव रोकने पर जोर

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त प्रपत्रों एवं मतदाताओं से जुड़ी जानकारियों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार गंभीरता से सत्यापन किया जाए. मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, नाम के दोहराव या अपात्र व्यक्ति की प्रविष्टि की संभावना को समाप्त करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. AERO एवं ERO स्तर पर किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.


घर पहुंचकर सत्यापन से बढ़ेगी सूची की विश्वसनीयता

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष निर्वाचन की बुनियाद है. SIR के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए अभिलेखों की जांच के साथ आवश्यकता के अनुसार मतदाताओं से सीधे संपर्क कर उनके विवरण का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है.


उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए हर पात्र मतदाता के अधिकार को सुरक्षित रखना सुनिश्चित किया जाए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही