Search

 
 
 

Gumla News: अक्टूबर माह स्कूली बच्चों के विज्ञान प्रदर्शनी को होगा समर्पित, वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा

Gumla News: गुमला जिले में स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अक्टूबर माह को विज्ञान गतिविधियों से जोड़ने की विशेष पहल गई है. जिले में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा.
 
सांकेतिक तस्वीर

Gumla News: गुमला जिले में स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अक्टूबर माह को विज्ञान गतिविधियों से जोड़ने की विशेष पहल गई है. जिले में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा. योजना के तहत जिले के नौ प्रखंडों के एक-एक चयनित विद्यालय में तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. 


इन प्रदर्शनी केंद्रों पर संबंधित प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को विज्ञान के मॉडल, प्रयोग और नवाचार को प्रत्यक्ष रूप से देखने-समझने का अवसर मिल सके.

इसे भी पढ़ें:

 

जल और जीवन पर केंद्रित होगी प्रदर्शनी

प्रदर्शनी का मुख्य विषय जल पर विशेष ध्यान के साथ रसायन विज्ञान एवं जीवन है. विषय के अनुरूप विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान और दैनिक जीवन के संबंध के साथ-साथ जल की गुणवत्ता, जल के वैज्ञानिक गुण, मानव जीवन में जल की भूमिका, स्वच्छ एवं सुरक्षित जल तथा जल संरक्षण जैसे पहलुओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा.

 

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान आधारित मॉडल, प्रयोग और नवाचार प्रस्तुत किए जाएंगे. विशेष जोर इस बात पर रहेगा कि बच्चे केवल तैयार मॉडल देखने वाले दर्शक न बनें, बल्कि स्वयं प्रयोग करें, सवाल पूछें, वैज्ञानिक कारण समझें और अपने मॉडल को दूसरों के सामने समझाकर प्रस्तुत करें.

 

राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद से जुड़ी विज्ञान गतिविधि

डीसी दिलेश्वर महतो ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद से संबंधित विज्ञान प्रदर्शन गतिविधियों के तहत की जा रही है तथा सभी विद्यालयों और विद्यार्थियों को विज्ञान प्रदर्शनी एवं संबंधित गतिविधियों से जोड़ने तथा निर्धारित वैज्ञानिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है . 

एक विद्यालय बनेगा पूरे प्रखंड का विज्ञान केंद्र

तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान चयनित विद्यालय संबंधित प्रखंड में विज्ञान गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेंगे. विभिन्न विद्यालयों से आने वाले विद्यार्थी प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडल और प्रयोगों को देखेंगे तथा वैज्ञानिक अवधारणाओं को गतिविधि आधारित तरीके से समझेंगे.

 

गुमला में यह आयोजन विज्ञान को किताब से निकालकर प्रयोग और अनुभव तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. अक्टूबर माह में नौ प्रखंडों के चयनित विद्यालयों में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रदर्शनी से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को विज्ञान, जल और जीवन के बीच के संबंध को समझने का अवसर मिलेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही