Gumla News: गुमला जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें:
इस दौरान उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन रिपोर्ट की जानकारी प्रस्तुत की. इसके बाद सांसद ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पूर्व निर्देशों के अनुपालन पर जोर
सांसद सुखदेव भगत ने सभी विभागों को पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा बिना पूर्व अनुमति के बैठक में अनुपस्थित नहीं रहने की बात कही.
बैठक में NHAI पर प्रत्येक 500 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के पूर्व निर्देश की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्धारित स्थलों पर कैमरे लगाने तथा पहले से स्थापित कैमरों को क्रियाशील कराने का निर्देश दिया. गुमला बाईपास में काटे गए वृक्षों के एवज में लगभग 45,000 पौधे लगाने के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई. पौधारोपण के लिए वन विभाग को राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी विभाग द्वारा दी गई.
पेयजल के समाधान का निर्देश
खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल के लिए कुआं निर्माण का कार्य लंबित रहने का मुद्दा उठाया गया. सांसद ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हिंडालको कंपनी को संबंधित कार्य को सीएसआर मद से नवंबर माह तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पेयजल आम नागरिकों की प्राथमिक आवश्यकता है और इससे जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
महिला स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पाट क्षेत्रों में पपीता की खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया.
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने, सिविल स्कोर एवं ऋण संबंधी दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई. सांसद ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को पात्र महिला समूहों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया.
हाईमास्ट लाइटों के खराब होने पर नाराजगी
बैठक में रायडीह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जरेडा द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइटों के खराब होने एवं समय पर मरम्मत नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया गया. सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा खराब लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
शिक्षा, छात्रावास की समीक्षा
बैठक में एकलव्य विद्यालय की अद्यतन स्थिति तथा सरकारी छात्रावासों में विद्यार्थियों के रहने, देखरेख एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई. सांसद ने छात्रावासों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, नगर परिषद उपाधीक्षक रमेश कुमार चीनी,सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, दिशा समिति के सदस्यगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

