Gumla News: जिले के डुमरी प्रखंड स्थित सुवाली गांव के ग्रामीण आज भी नदी पर पुल नहीं होने की समस्या से जूझ रहे हैं. बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ते ही ग्रामीणों के आवागमन की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं. गांव को मुख्य सड़क और आसपास के इलाकों से जोड़ने वाला रास्ता प्रभावित होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है. ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता है. इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से बाहर जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ता है.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों ने बताया कि किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है. नदी में पानी बढ़ने के कारण आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी समस्या लंबे समय से बनी हुई है, बावजूद इसके जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से पुल निर्माण को लेकर गंभीर पहल नहीं की गई है.
लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कराने तथा जल्द से जल्द पुल निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल का निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक गांव के लोगों की पहुंच भी बेहतर होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

