Gumla News : गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा देवाकी पीठवर टोली पेट्रोल पंप के पास हुआ. मृतक की पहचान बिशुनपुर प्रखंड के चिरोडीह निवासी गंगेश्वर बड़ाईक (48) के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें
बताया गया कि दो युवक संतोष लोहार व अनिल उरांव घाघरा साप्ताहिक हाट से शराब पीकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही गंगेश्वर बड़ाईक की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गयी. गंगेश्वर बड़ाईक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि संतोष लोहार व अनिल उरांव गंभीर रूप से घायल हो गये.
ग्रामीणों ने दोनों घायलों को घाघरा सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुमला रेफर कर दिया गया. सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बतायी जा रही है. बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

