Chainpur/Gumla: चैनपुर थाना क्षेत्र के बसायटोली गांव में 4 अगस्त की रात हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रुति ने गुरुवार को चैनपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

बसायटोली हमले का आरोपी गिरफ्तार
एसडीपीओ ने बताया कि 4 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति बसायटोली गांव स्थित जगतपाल रौतिया के घर पहुंचे. दोनों ने पहले देसी कट्टा दिखाकर घर में मौजूद जगतपाल रौतिया एवं उनकी पत्नी अनिता देवी को डराया-धमकाया. इसके बाद चाकू से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
इसे भी पढ़ें:
घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरसी डुमरी गांव निवासी प्रवीण एक्का को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है.
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है. वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि इस मामले से संबंधित किसी प्रकार की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment