Search

 
 
 

Gumla News : प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती को बहंगी पर 4 किमी दूर अस्पताल पहुंचाया

लाधुडेरा निवासी पैरू खड़िया की पत्नी सुषमा देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. ग्रामीणों ने लाठी के सहारे बहंगी बनाई और महिला को उसी बहंगी के सहारे चार किलोमीटर दूर बिलिंगबिरा पंचायत मुख्यालय पहुंचाया.
 
महिला को बहंगी पर अस्पताल ले जाते ग्रामीण.

Gumla : गुमला जिले के पालकोट प्रखंड से एक लोमहर्षक वाकया सामने आया है. प्रखंड की बिलिंगबिरा पंचायत के लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी मयस्सर नहीं हैं. ताजा मामला लाधुडेरा गांव का है. यहां सड़क के अभाव में एक गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने बहंगी पर टांगकर चार किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाया.


मिली जानकारी के अनुसार, लाधुडेरा निवासी पैरू खड़िया की पत्नी सुषमा देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. ग्रामीणों ने एंबुलेंस से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन गांव तक पक्की सड़क न होने और रास्ता अत्यंत दुर्गम व पथरीला होने के कारण एंबुलेंस या कोई अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका. ग्रामीणों ने लाठी के सहारे बहंगी बनाई और महिला को उसी बहंगी के सहारे चार किलोमीटर दूर बिलिंगबिरा पंचायत मुख्यालय पहुंचाया. वहां से वाहन की व्यवस्था कर उसे पालकोट सीएचसी पहुंचाया.


अस्पाताल में चिकित्सकों की देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है. इस स्थिति से ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने बताया कि लाधुडेरा गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है. गांव में पक्की सड़क नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होती है. गांव में शुद्ध पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी घोर अभाव है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब गांव में सड़क निर्माण और पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही