Gumla News: इटकीरी-देवाकी के बीच हिंडाल्को कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा. ग्रामीणों ने कंपनी के समक्ष “सड़क बनाओ, नहीं तो सड़क छोड़ो” का नारा बुलंद करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कंपनी पिछले 52 वर्षों से बॉक्साइट खनन का कार्य कर रही है. लेकिन खनन से प्रभावित क्षेत्र और यहां रहने वाले ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने कहा कि खनन और भारी वाहनों के परिचालन से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है.
आंदोलन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में खनन कार्य होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर ठोस पहल नहीं की गई. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाए और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाए अन्यथा कंपनी को इस सड़क के इस्तेमाल पर विचार करना होगा.
आंदोलन स्थल पर मनाया करम पर्व
आंदोलन के बीच मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने आंदोलन स्थल पर ही करम पर्व मनाया. ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से करम डाली की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की. आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा मौजूद रहे.
ग्रामीणों ने कहा कि पर्व और आंदोलन दोनों को एक साथ मनाकर उन्होंने अपनी एकजुटता का संदेश दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

