Gumla News: छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव ने नागफेनी छठ घाट का संयुक्त निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट की साफ-सफाई, रोशनी, पहुंच पथ, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया. छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई.
अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को घाट पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छठ पर्व के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने पर जोर दिया.
प्रशासन का प्रयास है कि नागफेनी समेत जिले के प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, प्रकाश और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

