Gumla News : गुमला जिले के रायडीह स्थित पीएम श्री एसएस प्लस टू हाई स्कूल में शनिवार को मॉडल यूथ ग्रामसभा का आयोजन हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया किरण डुंगडुंग प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार व अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया.
इसे भी पढ़ें
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से मॉडल यूथ ग्रामसभा का जीवंत चित्रण किया. विद्यार्थियों ने ग्रामसभा की बैठक के माध्यम से यह दर्शाया कि किस प्रकार मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि व ग्रामीण मिलकर गांव के सर्वांगीण विकास का खाका तैयार करते हैं. कैसे विकास योजनाओं का चयन किया जाता है.
मॉडल ग्राम सभा में गांव की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के तरीकों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया. विद्यार्थियों ने गांव में होने वाले विवादों का समाधान, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, ग्रामीणों को सकारात्मक एवं जनहितकारी कार्यों के प्रति जागरूक करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को ग्राम सभा के समक्ष रखने और सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को दिखाया.
मौके पर उपमुखिया तस्लीम, ग्राम प्रधान दीपक बैगा, पंचायत समिति सदस्य हिमांशु गुप्ता, बीपीओ अभिजित सेन, परिमल संस्था के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

