- जनगणना के लिए निर्धारित किए गए हैं 40 प्रश्न
Gumla News: भारत की जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत बुधवार को गुमला में एन्यूरेटरों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई.
इसे भी पढ़ें:
जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के उप निदेशक गजेन्द्र गुप्ता और सांख्यिकी अन्वेषक राजा शंकर ठाकुर प्रशिक्षण दिया. उन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया से अवगत कराया. उप विकास आयुक्त ने एन्यूरेटरों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें. साथ ही, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें.
डिजिटल माध्यम से होगी जनसंख्या गणना
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 के तहत जनसंख्या गणना का कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा. नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी मिलेगा, जिसके माध्यम से वे निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपनी गणना से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे. जनसंख्या गणना के लिए कुल 40 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं. प्रशिक्षकों ने प्रश्नों की प्रकृति, आंकड़ों के संकलन और कार्य निष्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी.
दो अंचल अधिकारियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जनगणना के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सिसई के अंचल अधिकारी अशोक कुमार बड़ाईक और बसिया के अंचल अधिकारी नरेश मुंडा को सम्मानित किया गया. प्रधान मुख्य जनगणना पदाधिकारी, झारखंड, रांची की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने दोनों अधिकारियों को प्रदान किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

