Gumla News: पालकोट- गुमला मुख्य सड़क पर पिंजरा डिपो के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
इसे भी पढ़ें:
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:15 बजे गोजा दुमकी टोली निवासी बलराम गोप सड़क से गुजर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि बलराम गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
घटना से आक्रोशित लोगों ने पालकोट–गुमला मुख्य सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों की मांग की कि वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लें तथा सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
इधर, सड़क जाम और हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल हाइवा को लेकर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है.
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी देखी गई. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है. जिसपर प्रशासन ने आश्वासन दिया, जिस के बाद सडक जाम हटा दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

