Gumla : क्रिकेट विवाद में SP के गार्ड पर पिस्टल तानने वाला युवक गिरफ्तार
By Lagatar News
Jun 08, 2026 07:16 PM
Gumla : शहर के चेटर मैदान में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात सुरक्षा गार्ड पर कथित रूप से पिस्टल तान दी. राहत की बात यह रही कि हथियार से गोली नहीं चली, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम चेटर मैदान में क्रिकेट मैच खेला जा रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर मैच में मौजूद सुरक्षा गार्ड बलजीत सिंह और अंपायरिंग कर रहे शिवा केरकेट्टा के बीच कहासुनी हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर शिवा ने कमर से पिस्टल निकालकर बलजीत सिंह की ओर तान दी और फायरिंग का प्रयास किया. हालांकि हथियार ने काम नहीं किया और कोई गोली नहीं चली.
घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई. मौजूद खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से हथियार छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया.
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिवा केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Leave a Comment