National News : मुख्य चुनाव आयुक्त(CEC) ज्ञानेश कुमार आज सोमवार को लखनऊ पहुंचे. खबरों के अनुसार वह अपने पुराने शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे और छात्रों के साथ संवाद किया.
उन्होंने छात्रों को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता समझाई, बूथ लेवल के अधिकारियों (बीएलओ) की सराहना करते हुए उन्हें लोकतंत्र की असली नींव बताया. ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लखनऊ से उनका गहरा और पुराना नाता है. बताया कि यहीं से शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए बाहर निकले थे.
CEC ने कहा कि लंबे समय बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने आये हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि खासतौर से वे बूथ लेवल अधिकारियों को उनके कर्तव्य समझाने आये हैं. उन्होंने बताया कि राज्य में मौजूद यूनिवर्सिटी और स्कूलों में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सहित अन्य चुनावी जानकारियां देने के लिए कार्यक्रम होंगे.
ज्ञानेश कुमार ने कहा, इस विद्यालय में मुझे ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों से लड़ने का हौसला मिला. कॉल्विन के छात्रो से बातचीत के क्रम में उन्होंने अपने दौर की यादें शेयर की. अहम बात यह रही कि संवाद के दौरान पत्रकारों और छात्रों द्वारा जेन-जी से जुड़े सवाल पूछे गये, तो उन्होंने उस पर कोई टिप्पणी नहीं की और चुप्पी साध ली.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

