National News : उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर हल्ला बोला. योगी ने राहुल गांधी द्वारा शनिवार को पुणे में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में मनुस्मृति वाले बयान की आलोचना की. राहुल से पूछा कि वह क्यों अर्बन नक्सलियों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी का भविष्य खराब करना चाहते हैं?
आदित्यनाथ रायबरेली में 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222 वीं जयंती पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में बोल रहे थे. अपनी बात रखते हुए योगी ने कहा कि भारत को राहुल गांधी से व्यक्तिगत तौर पर कोई उम्मीद नहीं है लेकिन लोकसभा में उनके पास जो नेता प्रतिपक्ष का पद है उससे जरूर उम्मीद है.
आदित्यनाथ ने जोर देकर पूछा, राहुल भारत की विरासत को क्यों बर्बाद करना चाहते हैं. भारत के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ करना चाहते हैं ? दरअसल राहुल गांधी छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कहा था, महिलाओं का अपना अस्तित्व है. उनकी पहचान पिता, पति या बेटों के अधीन नहीं रखी जानी चाहिए.
राहुल गांधी ने मनुस्मृति के उस नियम को शर्मनाक करार दिया, जिसके अनुसार महिला को जीवन के हर चरण में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना चाहिए. सीएम ने कहा मैं राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिया गया एक बयान पढ़ रहा था, जिसमें उन्होंने कहा कि महिलाएं मनुस्मृति का बंधन तोड़कर अब बाहर आ जायें.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, राहुल मनु पर या राम पर या भारत की विरासत पर टिप्पणी करते हैं. मनु को जानना है तो अथर्ववेद, सप्तपदी ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़िये, आपको सारी जानकारी मिल जायेगी. कहा कि कौन ऐसा व्यक्ति होगा, जिसके जीवन में मां के रूप में, बहन के रूप में, पत्नी के रूप में या फिर बेटे के रूप में किसी महिला का संरक्षण प्राप्त न होता हो?
पूछा कि क्या कोई बेटी पिता के बिना, कोई बहन भाई के बिना, कोई पत्नी पति के बिना और क्या कोई मां बेटे के बिना अपने अस्तित्व को पूर्ण मानती है?योगी ने पूछा. क्या मनु स्मृति ने यह बात कही है ?आप भारत के बच्चों को उस दिशा में क्यों ले जाना चाहते हैं, जहां किसी माता या किसी अन्य को बाद में लज्जित होकर माफी मांगनी पड़े ?
इस क्रम में योगी ने कांग्रेस नेता अजय राय के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाते हुए इसे दोहरा चरित्र और बेशर्मी करार दिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तरफ अजय राय ने हनुमानगढ़ी में जाकर दंडवत प्रणाम किया और राम-राम का जाप किया, वहीं दूसरी तरफ मंदिर से बाहर आते ही उन्होंने मछली की दावत उड़ाई, जो उनकी धार्मिक आस्था के ढोंग को दिखाता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

