Lagatar Desk : कॉकरोच जनता पार्टी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार देश का सबसे बड़ा दुश्मन है. देशद्रोही है. उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए. अगर ज्ञानेश कुमार अगले 48 घंटे के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं तो कॉकरोच जनता पार्टी देशव्यापी आंदोलन शुरु करेगा. उन्हें इस्तीफा देना ही होगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाये गये. ज्ञानेश कुमार चुनाव कराने के बजाय भाजपा का सपोर्ट कर रहे हैं. वे देश के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष रंका ने कहा कि 2024 के चुनाव में जिन दलों ने भी भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा, उन्हें खत्म कर दिया गया. चुनाव में उन दलों को खत्म करने के लिए चुनाव आयोग ने भाजपा की मदद की. लोकतंत्र का मतलब है कि जनता सरकार को चुने. लेकिन ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद सरकार तय कर रही है कि कौन वोट दे सकता और कौन नहीं. अब सबकुछ लोकतंत्र का उल्टा हो गया है.
इसे भी पढ़ें
आशुतोष रंका ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई. इसके बाद क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की भी कोशिश हुई. ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल की सीटों से हजारों वोट डिलीट किए गए और उन्हें हराया गया. हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा के वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई. यह सब ज्ञानेश कुमार की मदद से संभव हुआ. भाजपा मोदी के चेहरे पर नहीं, बल्कि ज्ञानेश कुमार की वजह से जीत रही है.
उल्लेखनीय है कि 23 और 24 सितंबर को अंग्रेजी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस ने दो खबरें प्रकाशित की. पहली ख़बर में बताया कि चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त अन्य दो आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर मनमर्जी से फैसला ले रहे हैं. वोटर को जोड़ने, हटाने आदि के काम को सेंट्रलाईज्ड कर दिया जा रहा है. दूसरी रिपोर्ट में बताया गया है कि गोवा से दो दिन में 8 ई-मेल किये गये, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया.

