Search

 
 
 

Dhanbad News: धनबाद से ‘हम’ का झारखंड मिशन शुरू, 2029 के चुनाव में उतरने का ऐलान

Dhanbad News: संतोष सुमन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को सरकार की नीतियों और फैसलों की आलोचना करने का पूरा अधिकार है लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है.
 
पत्रकारों से बात करते संतोष माझी

Dhanbad News: बिहार में संगठन को मजबूत करने के बाद अब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की नजर झारखंड की राजनीति पर है. पार्टी ने धनबाद से झारखंड में अपने संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान का आगाज किया.

 

सोमवार को न्यू टाउन हॉल में आयोजित हक की बात, हम के साथ कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने झारखंड में पार्टी को मजबूत करने और वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया.

इसे भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि जिस मजबूती के साथ पार्टी बिहार में काम कर रही है उसी तरह झारखंड में भी संगठन का विस्तार किया जाएगा.पार्टी एनडीए का हिस्सा है और गठबंधन के साथ मिलकर आगे बढ़ेगी.

 

कार्यक्रम में धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा भी पहुंचे. उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा एनडीए का हिस्सा है. केंद्र और बिहार में पार्टी गठबंधन सरकार की सहयोगी है. इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने संतोष सुमन का बुके और शॉल देकर स्वागत किया. कार्यक्रम में बिहार और झारखंड के पार्टी पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.

 

धनबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान संतोष सुमन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को सरकार की नीतियों और फैसलों की आलोचना करने का पूरा अधिकार है लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है.

 

उन्होंने खड़गे की भाषा को अशोभनीय बताते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी कांग्रेस की हताशा को दर्शाती है.संतोष सुमन ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी टिप्पणी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए.

 

CJP आंदोलन को लेकर भी संतोष सुमन ने कड़ा रुख अपनाया.उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन से जुड़े कुछ लोग देश को बांग्लादेश और नेपाल जैसा बनाने की बात करते हैं. उनके मुताबिक ऐसी गतिविधियां लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं.

 

संतोष सुमन ने दावा किया कि कुछ देशविरोधी ताकतें ऐसे लोगों को फंडिंग कर रही हैं. उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव को फिलहाल इस पूरे मामले की वास्तविकता समझ में नहीं आ रही है लेकिन स्थिति स्पष्ट होने पर वह भी ऐसे लोगों से दूरी बना सकते हैं.

 

बिहार के विधायक अनंत सिंह से जुड़े सवाल पर संतोष सुमन ने इसे संबंधित पार्टी का आंतरिक मामला बताया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में इस तरह की परिस्थितियां आती रहती हैं और पार्टी अपने नियमों के अनुसार निर्णय लेती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक व्यक्ति के आने या जाने से बिहार में एनडीए की डबल इंजन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

 

भुइयां समाज के जाति प्रमाणपत्र का मुद्दा उठाया

झारखंड में संगठन विस्तार की बात के साथ संतोष सुमन ने भुइयां समाज की समस्याओं को भी उठाया. उन्होंने कहा कि झारखंड में भुइयां समाज के लोग वर्षों से रह रहे हैं लेकिन कई लोगों के जाति प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं. इससे उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है.
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या को लेकर सरकार से बातचीत की जाएगी और समाधान निकालने का प्रयास होगा.

 

झारखंड में राजनीतिक जमीन तैयार करने की कवायद

हक की बात, हम के साथ कार्यक्रम के जरिए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने झारखंड में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया है. पार्टी का जोर जनसंपर्क बढ़ाने, स्थानीय समस्याओं को उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर है. वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा के साथ पार्टी ने राज्य में अपनी भावी राजनीतिक रणनीति के संकेत भी दिए हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही