Search

 
 
 

हजारीबाग: अपर मुख्य सचिव का औचक निरीक्षण, मरीजों से बात कर खामियों पर दिए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 8 अप्रैल को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, उप विकास आयुक्त रिया सिंह और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय भी मौजूद रहे.
 

Hazaribagh: स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 8 अप्रैल को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, उप विकास आयुक्त रिया सिंह और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय भी मौजूद रहे.

 

निरीक्षण के बाद परिसदन भवन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई. बैठक में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर चर्चा की गई और संस्थान को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी स्वास्थ्य सेवाओं को तेज और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए. मेडिकल कॉलेज में पीजी सत्र समय पर पूरा करने और छात्रों के परिणाम में सुधार पर भी जोर दिया गया.

 

सभी विभागाध्यक्षों को वार्ड, ओपीडी, साफ सफाई, नर्सिंग सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही आयुष्मान योजना और अबुआ स्वास्थ्य योजना के तहत क्लेम राशि बढ़ाने पर बल दिया गया. बरही और विष्णुगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा बरही में जिला अस्पताल के समान सेवाएं विकसित करने की बात कही गई.

 

इससे पहले अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल के नए भवन में संचालित मेडिसिन, मनोचिकित्सा, स्किन और नेत्र विभाग का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध उपकरणों की स्थिति जांची. अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था को देखा और उसकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

 

निरीक्षण के दौरान सर्जरी वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से बातचीत कर उसे मिल रही सुविधाओं और दवाओं की जानकारी ली. साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी पूछा. उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति और संख्या का भी आकलन किया और मेडिकल सुपरिटेंडेंट को प्रकाश व्यवस्था, दरवाजों की मरम्मत और अन्य जरूरी सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.

 

अजय कुमार सिंह ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मरीजों की संख्या को देखते हुए मशीनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया. परिसर का निरीक्षण करते हुए पुराने भवनों को चिन्हित कर हटाने को कहा ताकि अधिक खुला स्थान उपलब्ध हो सके. आईसीयू वार्ड में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने के भी निर्देश दिए गए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही